बुधवार, 18 जनवरी 2023

ऋतु शीत रवानी में अपने

 ऋतु शीत रवानी में अपने

ऊर्ध्वगी जवानी में अपने  

चहुँओर सर्द को बढ़ा रही

जीवन वह्निः तक बुला रही

थी जगह जगह जल रही आग

प्रमुदित होकर जन रहे ताप 

कौड़े में जैसे उठी ज्वाल

मन मोह लिया इक अधर लाल 

रति जैसी जिसकी छाया थी

वह थी समक्ष या माया थी

पहने थे वसन तरीके से 

सब सज्जित स्वच्छ सलीके से 

कुंतल को उसने झटक दिया 

मनसिज प्रसून पर पटक दिया

कितने उद्गार उठे मन में 

ताड़ित से कौंध रहे तन में

मन हुआ अनोखा गीत लिखूँ

मै एक दहकती शीत लिखूँ  


पर सोच रहा था यदि गीत

कविता लेखन है कर्म मेरा

तो क्या जिस पर लिख रहा 

स्वीकृति लेना उससे है धर्म मेरा? 

इस पर सोचूँगा और कभी

हे नाथ करूँगा गौर कभी

मैं अभी आपसे बस उसका

व्यवहार जानने आया हूँ

लिख सकूँ गीत उसके ऊपर 

अधिकार माँगने आया हूँ 


आशीष आशीष


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें